Dubai में किराएदारों के लिए बड़ी राहत, अब महीने और तिमाही में दे सकेंगे घर का किराया.

दुबई में रहने वाले प्रवासियों और आम नागरिकों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। Dubai Land Department ने किराएदारों की आर्थिक परेशानी को कम करने के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है, जिसे 'Flexi Rent' नाम दिया गया है। इस योजना के आने से अब लोगों को पूरे साल का किराया एक या दो बड़े चेक में एक साथ देने की मजबूरी से राहत मिलेगी और वे अपनी सुविधा के अनुसार भुगतान कर सकेंगे।
किराएदारों का बोझ होगा कम
पारंपरिक रूप से दुबई में मकान का किराया चुकाने के लिए एक साल में 1 से 4 चेक देने का नियम चला आ रहा है। कई बार लोगों के पास पूरे साल का किराया चुकाने के लिए कुल रकम तो होती है, लेकिन एक साथ इतनी बड़ी रकम देने से उनका बजट बिगड़ जाता है और कैश फ्लो की समस्या खड़ी हो जाती है। इसके अलावा शॉर्ट-थर्म यानी कम समय के किराए के विकल्प बहुत ज्यादा महंगे होते थे। इस नई व्यवस्था से इन दोनों के बीच का अंतर कम होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
किन डेवलपर्स के साथ शुरू हुई योजना
इस नई पहल के तहत कई बड़े रियल एस्टेट ग्रुप और डेवलपर्स जुड़ चुके हैं। इनमें प्रमुख रूप से Wasl Properties, Rocky Real Estate और Dubai World Real Estate शामिल हैं। हालांकि, यह जानना बेहद जरूरी है कि यह सुविधा हर इमारत या मकान मालिक के लिए अनिवार्य नहीं है। मासिक या तिमाही आधार पर किराया देने का विकल्प पूरी तरह से प्रॉपर्टी और उसकी देखरेख करने वाली मैनेजमेंट कंपनी पर निर्भर करता है।
किराए की कुल रकम में नहीं हुआ कोई बदलाव
अधिकारियों ने यह स्पष्ट किया है कि Flexi Rent योजना आने से सालभर के कुल किराए की राशि में कोई कटौती नहीं की गई है। यानी आपको किराया उतना ही देना होगा, बस भुगतान करने के नियम को ज्यादा आसान और लचीला बनाया गया है ताकि भुगतान की फ्रीक्वेंसी बढ़ाई जा सके। जो लोग इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे एग्रीमेंट साइन करने से पहले संबंधित मकान मालिक या प्रॉपर्टी मैनेजर से बात करके अपनी पात्रता और अन्य नियमों की पूरी जानकारी जरूर हासिल कर लें। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए आप Dubai Land Department की आधिकारिक घोषणा देख सकते हैं।