Dubai Police: दुबई पुलिस की माता-पिता को सख्त चेतावनी, समर वेकेशन में गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर बच्चों पर रखें पैनी नजर.

दुबई पुलिस ने गर्मियों की छुट्टियों के दौरान बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर माता-पिता को सतर्क किया है। 'Our Children's Safety this Summer' अभियान के तहत अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर बच्चे साइबर खतरों का शिकार हो सकते हैं। गर्मियों की छुट्टियों में बच्चे अपना ज्यादातर समय वीडियो गेम्स खेलने में बिताते हैं, जिसका फायदा उठाकर अनजान लोग गेमिंग लिंक्स के जरिए बच्चों से संपर्क करने की कोशिश करते हैं और उन्हें गलत सामग्री दिखाते हैं।
माता-पिता के लिए जरूरी दिशा-निर्देश
दुबई पुलिस के जनरल डिपार्टमेंट ऑफ ह्यूमन राइट्स के तहत आने वाले Women and Child Protection Department ने अभिभावकों को सलाह दी है कि वे बच्चों के डिवाइस की प्राइवेसी सेटिंग और पैरेंटल कंट्रोल को खुद मैनेज करें। माता-पिता को बच्चों की इन-गेम फ्रेंड लिस्ट और उनकी चैट्स पर लगातार नजर रखने की जरूरत है ताकि किसी भी अनचाही गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को यह सिखाया जाना बेहद जरूरी है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक या असहज करने वाले मैसेज की जानकारी तुरंत अपने घर के बड़ों को दें।
साइबर अपराध की शिकायत कहां और कैसे करें
यदि किसी परिवार को ऑनलाइन गेमिंग के दौरान किसी भी तरह के साइबर खतरे का सामना करना पड़ता है, तो दुबई पुलिस ने आम जनता के लिए कई आसान रास्ते बनाए हैं। लोग तुरंत मदद के लिए 'e-Crime' प्लेटफॉर्म का उपयोग कर सकते हैं या आपातकालीन स्थिति में 901 नंबर पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, आधिकारिक Dubai Police mobile application के जरिए भी साइबर अपराधों की रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती है, जिससे पुलिस समय रहते उचित कार्रवाई कर सके।