Bangladesh News: भारत और बांग्लादेश के रिश्तों में जमी बर्फ पिघली, उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने की प्रधानमंत्री तारिक रहमान से पहली मुलाकात.

भारत और बांग्लादेश के बीच के रिश्तों को फिर से पटری पर लाने और आपसी तनाव को दूर करने की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम उठाया गया है। भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने सोमवार को ढाका स्थित सचिवालय में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान से पहली बार मुलाकात की और दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने पर लंबी चर्चा की। इस दौरान भारतीय उच्चायुक्त ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से शुभकामनाएं दीं और सरकार तथा जनता के साथ मिलकर काम करने की इच्छा जताई।
पहली आधिकारिक मुलाकात और द्विपक्षीय चर्चा
बांग्लादेश के प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर इस अहम बैठक की जानकारी साझा की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह बैठक ढाका के मुख्य सचिवालय में हुई थी। इस उच्च स्तरीय मुलाकात के दौरान बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान और प्रधानमंत्री के विदेश नीति सलाहकार हुमायूं कबीर भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत चली, जिसे कूटनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया और उम्मीदें
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए उम्मीद जताई कि यह बातचीत दोनों देशों के पुराने द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती प्रदान करेगी। मंत्रालय का कहना है कि आपसी संवाद, सम्मान और सहयोग से ही दोनों देशों के रिश्ते एक सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। जानकारों का मानना है कि हाल के दिनों में उपजे तनाव को कम करने के लिए यह बैठक एक मजबूत आधार तैयार करेगी।
तनाव के बीच हुई कूटनीतिक पहल
यह बैठक ऐसे समय पर हुई है जब नई दिल्ली में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की मीडिया से हुई वर्चुअल बातचीत को लेकर दोनों देशों के बीच राजनीतिक और राजनयिक स्तर पर तनाव बना हुआ है। हालांकि, इन तमाम हालात के बीच उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने रविवार को बांग्लादेश के विदेश मंत्री से भी मुलाकात की थी। विदेश मंत्रालय के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह बैठकें पहले से ही तय थीं और इनका उद्देश्य दोनों देशों के बीच संवाद को खुला रखना है।
पारस्परिक सम्मान और सहयोग पर जोर
बांग्लादेश के एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने बताया कि दोनों देशों के संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए आपसी सम्मान, गरिमा और एक-दूसरे के हितों का पूरा ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अधिकारी ने इस बात पर भी जोर दिया कि दोनों पड़ोसी देशों को एक-दूसरे की संवेदनाओं का पूरा सम्मान करना चाहिए। आपको बता दें कि दिनेश त्रिवेदी ने गत 25 जून को राष्ट्रपति को अपना परिचय पत्र सौंपने के बाद बांग्लादेश में भारत के 16वें उच्चायुक्त के रूप में अपना कार्यभार संभाला था।