नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान में दिखा नया सफेद जंगली हाथी, अधिकारियों ने दी जानकारी.

नेपाल के प्रसिद्ध चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा इलाके में एक नया और अनोखा सफेद जंगली हाथी देखा गया है, जिससे वन्यजीव प्रेमियों और अधिकारियों के बीच काफी चर्चा हो रही है। इस युवा नर हाथी की उम्र करीब 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है और यह पिछले लगभग दो सप्ताह से लगातार इसी क्षेत्र में घूम रहा है। इस अनोखे वन्यजीव के आने से इलाके में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि इस दुर्लभ हाथी को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे और आम जनता को भी पूरी सावधानी बरती जा सके।
अधिकारियों ने दी हाथी की हरकतों पर जानकारी
उद्यान के सहायक संरक्षण अधिकारी प्रवीण पौडेल ने इस बात की पूरी पुष्टि की है कि यह सफेद हाथी फिलहाल सौराहा के बफर जोन में रह रहा है। कुछ दिन पहले यह हाथी अचानक हाथी प्रजनन केंद्र के पास पहुंच गया था, लेकिन वहां पहले से मौजूद अन्य जंगली हाथियों ने उसे वहां से खदेड़ दिया था। अधिकारी प्रवीण पौडेल के मुताबिक, अब यह हाथी राष्ट्रीय उद्यान और राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण न्यास के संरक्षित क्षेत्रों के आसपास ही अपना समय बिता रहा राहत की बात यह है कि इसने अभी तक किसी भी मानव बस्ती के अंदर प्रवेश नहीं किया है और न ही किसी इंसान या संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचाया है।
अकेले रहने वाले हाथियों का होता है यह स्वभाव
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि युवा नर हाथी कई बार अपने पुराने झुंड से अलग होकर अकेले रहना शुरू कर देते हैं। हाथियों के नियम के मुताबिक उनके झुंड का नेतृत्व हमेशा एक मादा हाथी करती है, और कई बार शरारती या आक्रामक स्वभाव वाले युवा नर हाथियों को झुंड की मुखिया बाहर का रास्ता दिखा देती है। यह बात पहले भी कई वन्यजीव अध्ययनों में सामने आ चुकी है। यह सफेद हाथी अपना अधिकांश समय सौराहा के मध्य क्षेत्र में ही गुजारता है और कभी-कभी मादा हाथियों की तलाश में बाड़े के आसपास तक पहुंच जाता है।
चितवन उद्यान में पहले भी रहे हैं ऐसे हाथी
चितवन राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारियों ने बताया कि इस उद्यान में पहले से ही ध्रुवे, गोविन्दे और रोनाल्डो जैसे अकेले रहने वाले कई प्रसिद्ध जंगली हाथी मौजूद हैं। इनसे पहले इस इलाके में रोमियो, नाना पाटेकर और मकुना नाम के जंगली हाथी भी खुलेआम घूमते थे। इनमें से मकुना नाम के हाथी को एक बार लोगों पर हमला करने की कोशिश के दौरान आत्मरक्षा में गोली चलानी पड़ी थी जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी। वन विभाग इस नए सफेद हाथी की गतिविधियों पर लगातार कड़ी नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।