New York में फैला 'एक्सप्लोसिव डायरिया', 594 लोग हुए बीमार, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया अलर्ट.

अमेरिका के मशहूर शहर New York में इन दिनों आंतों से जुड़ी एक खतरनाक बीमारी तेजी से फैल रही है, जिसे आम भाषा में 'एक्सप्लोसिव डायरिया' कहा जाता है। शहर के स्वास्थ्य विभाग की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक, इस बीमारी से संक्रमित लोगों की संख्या अब लगभग 600 के करीब पहुंच गई है। अधिकारियों ने बताया कि 01 मई से 10 अगस्त के बीच कुल 594 मामलों की पुष्टि की जा चुकी है, जिससे आम लोगों के बीच चिंता का माहौल बन गया है। इस बीमारी की चपेट में आने वाले मरीजों को बहुत तेज दस्त की समस्या का सामना करना पड़ता है, जो शरीर को अंदर से कमजोर कर देता है।
संक्रमण के स्रोतों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की जांच
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुरुआती जांच के बाद यह स्पष्ट किया है कि अब तक सामने आए मामलों में से किसी भी संक्रमण को स्थानीय स्तर पर फैलने वाला नहीं पाया गया है। इसके अलावा, शुरुआत में जिस टैको बेल रेस्तरां में परोसे जाने वाले लेट्यूस सलाद को इस बीमारी का संभावित स्रोत माना जा रहा था, उसे लेकर भी विभाग ने साफ कर दिया है कि इन मामलों का उस सलाद से कोई संबंध नहीं है। अधिकारी लगातार यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर इस बीमारी के फैलने की असली वजह क्या है, ताकि इस पर जल्द से जल्द काबू पाया जा सके।
क्या है साइक्लोस्पोरियासिस बीमारी और इसके लक्षण
चिकित्सकों के अनुसार, यह बीमारी एक खास तरह के परजीवी की वजह से आंतों में फैलती है, जिसे साइक्लोस्पोरियासिस कहा जाता है। यह संक्रमणमतौर पर दूषित ताजे फल और सब्जियां खाने से इंसानों में पहुंच जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह बीमारी सामान्य तौर पर जानलेवा साबित नहीं होती है और समय पर डॉक्टर के पास जाने पर इसका इलाज एंटीबायोटिक दवाओं के जरिए आसानी से किया जा सकता है। इस बीमारी के मुख्य लक्षणों में बहुत तेज दस्त होना, हर वक्त मतली महसूस होना और पेट में भयंकर ऐंठन शामिल है। कुछ मरीजों में इसके लक्षण बहुत लंबे समय तक बने रहते हैं, जिससे शरीर में पानी की भारी कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है।
स्वास्थ्य विभाग की लोगों को सलाह
मई से लेकर अगस्त के बीच के आंकड़ों को देखें तो न्यूयार्क में इस बीमारी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के पास अभी तक ऐसा कोई ठोस प्रमाण नहीं है जिससे यह साबित हो सके कि ये सभी 594 मामले किसी एक ही जगह से जुड़े हुए हैं। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे बाजार से लाए जाने वाले ताजे फल और सब्जियों को खाने से पहले अच्छी तरह से पानी से धो लें। इसके अलावा भोजन की साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है ताकि इस तरह के परजीवी संक्रमण से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सके।