Pakistan News: पाकिस्तान के सुराब जिले में अचानक लगा कर्फ्यू, आदेश जारी होते ही गोली मारने की चेतावनी.

पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलोचिस्तान के सुराब जिले में सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अचानक 6 अगस्त की शाम 6 बजे से कर्फ्यू लगा दिया गया है। यह पाबंदी 8 अगस्त की सुबह 8:00 बजे तक पूरी तरह से प्रभावी रहेगी। जैसे ही प्रशासन की तरफ से इस अचानक कर्फ्यू की घोषणा की गई, स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में सभी लोगों ने अपनी दुकानों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर गिरा दिए। इस बड़ी कार्रवाई के बीच बलोच स्टूडेंट्स एक्शन कमेटी ने गंभीर आरोप लगाया है कि कराची यूनिवर्सिटी के पांच बलोच छात्रों को पाकिस्तान के रेंजर्स द्वारा कराची के गुलशन इकबाल इलाके से जबरदस्ती अगवा कर लिया गया है।
सुराब जिला प्रशासन की सख्त चेतावनी
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, राज्य मुख्यालय क्वेटा पहुंची खबरों में शुक्रवार सुबह बताया गया कि सुराब जिला प्रशासन ने नागरिकों को बेवजह घरों से बाहर न निकलने की कड़ी चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कर्फ्यू तोड़ने वालों को देखते ही गोली मारी जा सकती है और ऐसा करने वाले लोग किसी भी संभावित नुकसान के लिए खुद पूरी तरह जिम्मेदार होंगे। आपको बता दें कि सुराब बलोचिस्तान के मध्य भाग में क्वेटा-कराची राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक बेहद संवेदनशील इलाका है।
पहले भी कई इलाकों में लग चुका है कर्फ्यू
इस ताजा घटनाक्रम से पहले भी बलोचिस्तान के कलात और मस्तुंग जैसे प्रमुख इलाकों में कर्फ्यू लगाया जा चुका है। इसके अलावा जहरी और नुश्की जैसे क्षेत्रों में तो पिछले कई महीनों से लगातार कर्फ्यू जैसी स्थिति बनी हुई है। क्षेत्र के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि बलोचिस्तान में अपनी आजादी और अधिकारों की मांग कर रहे विभिन्न बलोच समूहों का लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। बलोच स्टूडेंट्स एक्शन कमेटी के प्रवक्ता ने कहा है कि प्रांतीय सरकार के साथ-साथ संघीय सरकार भी आम नागरिकों के साथ-साथ छात्र-छात्राओं पर भारी अत्याचार कर रही है।
कराची यूनिवर्सिटी के छात्रों के अपहरण का आरोप
बलोच स्टूडेंट्स एक्शन कमेटी ने जानकारी दी है कि जिन युवाओं को उठाया गया है, वे सभी कराची यूनिवर्सिटी के नियमित छात्र हैं। इनमें हयात के दो बेटे अजहर और घोस बख्श, शाहिद का बेटा शहजाद, अजीम का बेटा अनीस और मोहम्मद अमीन का बेटा वसीम बलूच शामिल हैं। इन सभी छात्रों को बुधवार रात करीब दो बजे कराची के गुलशन-ए-इकबाल इलाके में स्थित एक किराए के फ्लैट पर अचानक छापा मारकर दबोचा गया। गिरफ्तारी के दौरान इन युवाओं के साथ मारपीट भी की गई और सभी को जबरन धक्का देते हुए उनके जरूरी सामान के साथ गाड़ी में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। ये पांचों छात्र पढ़ाई के सिलसिले में इसी फ्लैट में किराए पर रहते थे।