अमेरिका में डिटेंशन सेंटर के अंदर कैदी की मौत, भड़के लोग, डेलाने हॉल को फौरन बंद करने की मांग.

अमेरिका के न्यू जर्सी प्रांत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक अप्रवासन हिरासत केंद्र के भीतर 41 वर्षीय एडविन लोपेज कोर्नेजो की अचानक मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में भारी रोष है। सोमवार रात को बड़ी संख्या में लोगों ने नेवार्क स्थित डेलाने हॉल इमिग्रेशन डिटेंशन सेंटर के मुख्य गेट पर इकट्ठा होकर जोरदार प्रदर्शन किया। गुस्साए लोगों ने इस केंद्र को तुरंत बंद करने की मांग की है क्योंकि यह पहली बार नहीं है जब यहां के हालात पर सवाल खड़े हुए हैं।
घटना की पूरी जानकारी और प्रशासन का पक्ष
संघीय गृह सुरक्षा विभाग यानी DHS ने इस बात की पुष्टि की है कि अल साल्वाडोर के रहने वाले एडविन लोपेज कोर्नेजो की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हुई। रिपोर्ट के अनुसार, DHS ने बताया कि हिरासत के दौरान कैदी की हालत अचानक खराब हो गई थी। वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मचारियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की और आपातकालीन सेवाओं के लिए 911 पर कॉल भी किया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। फिलहाल मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है, जिसकी रिपोर्ट बाद में सामने आएगी।
क्या था कैदी का रिकॉर्ड
अधिकारियों के मुताबिक, एडविन लोपेज कोर्नेजो को 18 जुलाई को न्यू जर्सी के प्लेनफील्ड से गिरफ्तार किया गया था। वह पहले भी 2006 में गैरकानूनी तरीके से अमेरिका में प्रवेश करने के आरोप में पकड़े गए थे और उन्हें देश से बाहर भेजा गया था। इसके बाद वह दोबारा गैरकानूनी ढंग से अमेरिका में दाखिल हुए। इस बार ICE (इमीग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट) ने उन्हें हिरासत में लिया था, जहां उनकी जान चली गई।
परिजनों का छलका दर्द
मृतक की मां मारिया का दुख कम होने का नाम नहीं ले रहा है। उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनका बेटा एक मेहनती इंसान और अपनी छोटी बेटी के लिए एक बहुत अच्छा पिता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत के लिए पूरी तरह से ICE की कार्यप्रणाली जिम्मेदार है। मां का कहना है कि वे इस दुख से कैसे बाहर निकलेंगी, उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है।
स्थानीय नेताओं और जनता का दबाव
इस पूरे मामले ने अब एक बड़ा राजनीतिक मोड़ ले लिया है। न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि डेलाने हॉल प्रशासन जांच प्रक्रिया में बाधा डाल रहा है और अब वक्त आ गया है कि इस केंद्र को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाए। डेलाने हॉल एक निजी हिरासत केंद्र है जिसे मई 2025 में ही फिर से चालू किया गया था, जिसका संचालन The GEO Group के हाथों में है। इस साल की शुरुआत से ही इस सेंटर के अंदर कैदियों के साथ अमानवीय बर्ताव और खराब स्थिति को लेकर लोग लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। CBS News की रिपोर्ट के अनुसार, अब लोग सड़कों पर उतरकर न्याय की मांग कर रहे हैं।