Saudi Arabia Hajj Rules: सऊदी अरब ने हज सीजन 2027 के लिए बदले आवास नियम, मक्का और मदीना में लागू हुई नई गाइडलाइंस.

सऊदी अरब के पर्यटन मंत्रालय ने साल 2027 के हज सीजन के लिए मक्का और मदीना में रहने की जगहों से जुड़े नियमों और लाइसेंस मानकों में बड़ा बदलाव किया है। इन नए नियमों का मकसद हज यात्रा पर आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं देना और उनकी यात्रा को आसान बनाना है। मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि नियमों का पालन न करने वाले होटल और इमारतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जिसके लिए नियमों का एक चार्ट भी तैयार किया गया है।
कड़े सुरक्षा और रखरखाव मानकों का पालन करना होगा
मंत्रालय के प्रवक्ता नसर अलंसारी ने जानकारी दी है कि नए नियमों के तहत सभी आवास स्थलों को सुरक्षा, रखरखाव और जरूरी सेवाओं के कड़े मानकों पर खरा उतरना होगा। हज यात्रियों के ठहरने की इन जगहों को इकोनॉमी और फर्स्ट-क्लास कैटेगरी में बांटा जाएगा। इन सभी जगहों पर सरकार की कड़ी नजर रहेगी ताकि किसी भी तरह की लापरवाही न हो सके और यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कई चरणों में होगी जांच और निरीक्षण
हज सीजन के दौरान किसी भी गड़बड़ी को रोकने के लिए सरकार ने कई स्तरों पर जांच करने का फैसला किया है। लाइसेंस मिलने से पहले, लाइसेंस मिलने के ठीक बाद की तैयारी के समय और हज यात्रा के दौरान लगातार इन जगहों का निरीक्षण किया जाएगा। पर्यटन मंत्रालय ने उन सभी लोगों से तुरंत अपनी इमारतों की मरम्मत और तैयारी शुरू करने को कहा है जो इस बार हज यात्रियों को ठहराने के लिए लाइसेंस लेना चाहते हैं ताकि समय रहते सभी नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा सके।