UAE का बड़ा कदम, अब देश का घरेलू जयवान कार्ड चलेगा पूरी दुनिया में, यूनियनपे के साथ हुई नई डील.

यूएई की घरेलू भुगतान प्रणाली को एक नया और बड़ा आयाम देते हुए, अल एतिहाद पेमेंट्ज़ ने चीन की कंपनी यूनियनपे इंटरनेशनल के साथ एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस नई साझेदारी के बाद अब यूएई का लोकल जयवान कार्ड केवल देश के अंदर ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के 183 से अधिक देशों और क्षेत्रों में इस्तेमाल किया जा सकेगा। इस बड़े फैसले से यूएई में रहने वाले नागरिकों और प्रवासियों को विदेशों में यात्रा करने, खरीदारी करने और पैसे भेजने में बहुत आसानी होगी।
कहाँ और कैसे काम करेगा नया जयवान कार्ड
इस समझौते के तहत, जयवान कार्डधारक अब दुनिया भर में फैली 10 करोड़ से अधिक पॉइंट-ऑफ-सैल मशीनों और 18 लाख से अधिक एटीएम से आसानी से पैसे निकाल सकेंगे और खरीदारी कर पाएंगे। इस पूरी प्रक्रिया को बेहद सुरक्षित बनाया गया है। जब भी कोई कार्डधारक देश से बाहर इसका इस्तेमाल करेगा, तो भुगतान से जुड़ा सारा लेनदेन यूएई के नेशनल स्विच के जरिए वापस रूट किया जाएगा। इस नेशनल स्विच का संचालन खुद अल एतिहाद पेमेंट्ज़ द्वारा किया जाता है।
शंघाई में हुआ ऐतिहासिक समझौता
यह समझौता पत्र यूनियनपे इंटरनेशनल के शंघाई स्थित मुख्यालय में साइन किया गया। इस मौके पर अल एतिहाद पेमेंट्ज़ के चेयरमैन सैफ हुमैद अल धाहरी और चाइना यूनियनपे व यूनियनपे इंटरनेशनल के चेयरमैन डोंग जुनफेर मौजूद रहे। अधिकारियों के बीच हुई इस मीटिंग में तय हुआ कि इस योजना की शुरुआत सबसे पहले मुख्य भूमि चीन में एक पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की जाएगी। इसके बाद इसे धीरे-धीरे बाकी के अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी पूरी तरह से शुरू कर दिया जाएगा।
प्रवासियों और आम जनता को मिलेगा सीधा फायदा
अल एतिहाद पेमेंट्ज़ के चेयरमैन सैफ हुमैद अल धाहरी ने बताया कि यह समझौता जयवान योजना को वैश्विक स्तर पर ले जाने और क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट की रफ्तार को तेज करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे व्यापार, पर्यटन और आर्थिक सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, डोंग जुनफेर ने कहा कि इन समझौतों से यूएई के घरेलू पेमेंट ब्रांड की वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और स्थानीय मुद्रा में सेटलमेंट करना भी आसान हो जाएगा। इस पूरी व्यवस्था के तहत पहले से चल रहे को-बैज कार्ड के अलावा अब बिना दूसरे बैंक के लोगो वाले सिर्फ जयवान कार्ड यानी मोनो-बैज्ड कार्ड को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार किया जाएगा, जिससे यूएई में काम करने वाले सभी प्रवासियों और यात्रियों को बड़ा लाभ मिलेगा।