अमेरिका में 25 लोगों की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू, इसमें भारतीय मूल के नरेन्द्र सिंह भी शामिल

Praggya Singh sabal4 August 20261 min read91 viewsIndia
अमेरिका में 25 लोगों की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू, इसमें भारतीय मूल के नरेन्द्र सिंह भी शामिल

अमेरिका में रहने वाले 25 विदेशी नागरिकों के खिलाफ एक बड़ी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। अमेरिकी न्याय मंत्रालय ने उन लोगों की नागरिकता रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की है जिन्होंने गलत जानकारी या धोखाधड़ी के जरिए नागरिकता हासिल की थी। इस सूची में 17 देशों के नागरिक शामिल हैं, जिनमें भारतीय मूल के 65 वर्षीय नरेन्द्र सिंह का नाम भी है।

गंभीर आरोपों के बाद लिया गया फैसला

अमेरिकी न्याय मंत्रालय के अनुसार, इन लोगों पर पहचान छिपाने, हत्या के प्रयास और बाल यौन शोषण जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। कार्यवाहक अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि अमेरिकी नागरिकता एक बड़ा विशेषाधिकार है और इसे कानून का पालन करके ही पाया जाना चाहिए। इन लोगों ने नियमों को ताक पर रखकर नागरिकता ली, जिसे अब न्याय विभाग वापस लेने की तैयारी कर रहा है। यह अमेरिकी इतिहास में नागरिकता रद्द करने की सबसे बड़ी समन्वित कार्रवाई मानी जा रही है।

कौन-कौन से देश शामिल हैं

इस कानूनी प्रक्रिया के दायरे में जिन 17 देशों के नागरिक हैं, उनमें भारत, पाकिस्तान, मेक्सिको, कोलंबिया, नाइजीरिया, लाइबेरिया, घाना, जमैका, ताइवान, होंडुरास, कैमरून, जॉर्डन, क्यूबा, अल साल्वाडोर, हैती, स्वीडन और मोल्दोवा के लोग शामिल हैं।

भारतीय नागरिक के खिलाफ मामला

भारतीय मूल के नरेन्द्र सिंह पर आरोप है कि उन्होंने 1996 में अमेरिका में प्रवेश करने के लिए फर्जी पहचान का सहारा लिया था। उन्होंने 1 मई, 2008 को नागरिकता प्राप्त की थी। अब उनके खिलाफ डेलावेयर जिला न्यायालय में सात गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई 20 जुलाई से 3 अगस्त के बीच दर्ज की गई शिकायतों के आधार पर तेज गति से आगे बढ़ाई जा रही है। विभाग ने पिछले एक साल में नागरिकता रद्द करने की 123 शिकायतें दर्ज की हैं।

Share:

Comments

Leave a comment