Kochi to Abu Dhabi Flight: एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट को बीच रास्ते में लौटना पड़ा कोच्चि, इंजन में आई तकनीकी खराबी।

कोच्चि से आबू धाबी जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान को तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से ही वापस कोच्चि लौटना पड़ा। यह घटना 7 सितंबर 2026 की है, जब विमान ने कोच्चि से उड़ान भरी थी और वह आसमान में करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर यात्रा कर रहा था। विमान के उड़ान भरने के लगभग 50 मिनट बाद क्रू मेंबर ने देखा कि इंजन नंबर 1 में तेल की मात्रा तेजी से कम हो रही है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलटों ने समझदारी दिखाते हुए आबू धाबी जाने के बजाय वापस कोच्चि एयरपोर्ट की तरफ मुड़ने का फैसला किया।
इंजन बंद कर सुरक्षित कराया गया विमान को लैंड
वापसी के सफर के दौरान लगभग 45 मिनट बाद इंजन नंबर 1 का ऑयल प्रेशर सीधे डेंजर या रेड रेंज तक पहुंच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट ने तुरंत तय नियमों का पालन करते हुए उस इंजन को बीच हवा में ही बंद कर दिया। गनीमत यह रही कि विमान ने केवल एक इंजन के सहारे कोच्चि एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कर ली और इस दौरान किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को किसी तरह की चोट नहीं आई।
इस पूरे मामले पर एयरलाइन ने सोमवार को जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि यह घटना करीब एक हफ्ते पुरानी थी और इसे हालिया इमरजेंसी के रूप में पेश करना गलत है। एयरलाइन का कहना था कि विमान ने सभी सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए एयर टर्नबैक किया था और सभी यात्रियों को बाद में दूसरे विमान से सुरक्षित आबू धाबी भेज दिया गया था। हालांकि एयरलाइन ने विमान में सवार कुल यात्रियों की संख्या का खुलासा नहीं किया है। एयरलाइन ने यह भी जोर दिया कि पुरानी घटना को बिना सही समय के दिखाने से लोगों में अनावश्यक चिंता फैलती है और कोच्चि से आबू धाबी का रूट पूरी तरह से सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।