Bahrain में रहने वाले भारतीयों के लिए बड़ी राहत, अब यात्रा के दौरान नहीं उठानी पड़ेगी OCI बुकलेट की टेंशन.

बरीन में रहने वाले प्रवासी भारतीयों के लिए एक बेहद काम की खबर सामने आई है। मनामा स्थित भारतीय दूतावास ने ओसीआई कार्डधारकों के लिए ई-ओसीआई सिस्टम लागू करने को लेकर एक जरूरी एडवाइजरी जारी की है। इस नए डिजिटल सिस्टम के आने के बाद अब यात्रियों को भारत यात्रा के दौरान इमिग्रेशन क्लीयरेंस के वक्त अपनी फिजिकल ओसीआई बुकलेट साथ लेकर चलने की कोई जरूरत नहीं होगी। बहरीन में रहने वाले भारतीय मूल के उन परिवारों के लिए यह बदलाव बहुत फायदेमंद साबित होगा जो अक्सर अपने वतन आते-जाते रहते हैं।
कैसे काम करेगा नया ई-ओसीआई सिस्टम
भारतीय दूतावास की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, यह ई-ओसीआई कार्ड नए आवेदन करने वालों और पुराने फिजिकल बुकलेट वाले दोनों तरह के लोगों के लिए 30 जून 2026 से उपलब्ध है। हालांकि जिनके पास पहले से फिजिकल बुकलेट है, वे भी उसका इस्तेमाल जारी रख सकते हैं क्योंकि वे अभी भी वैध हैं। इस इलेक्ट्रॉनिक ओसीआई को गृह मंत्रालय के रिकॉर्ड के आधार पर तैयार किया गया है और इसे बिना किसी शुल्क के आधिकारिक ओसीआई सर्विसेज पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकता है। पुराने कार्डधारक अपने ओसीआई रिकॉर्ड से जुड़े ईमेल आईडी के जरिए लॉग इन करके अपना ई-ओसीआई जनरेट कर सकते हैं।
पासपोर्ट रिन्यूअल के नियमों में हुआ बदलाव
इस नई डिजिटल व्यवस्था के आने से पासपोर्ट अपडेट करने के नियम भी काफी आसान हो गए हैं। अब 20 साल की उम्र पूरी होने के बाद नया पासपोर्ट मिलने पर ओसीआई बुकलेट को दोबारा जारी करवाने की कोई अनिवार्यता नहीं है। हालांकि नया दस्तावेज मिलने के 3 महीने के भीतर पोर्टल पर नए पासपोर्ट की डिटेल और ताजा फोटो अपलोड करना जरूरी होगा। यदि इस तय समय सीमा के भीतर अपडेट कर दिया जाता है, तो इसके लिए कोई फीस नहीं ली जाती है। वहीं 20 साल की उम्र के बाद नया पासपोर्ट पाने वाले लोगों को भारत में पहली बार प्रवेश या बाहर निकलते समय किसी भारतीय मिशन, एफआरआरओ या इमिग्रेशन पोस्ट पर अपनी बायोमेट्रिक जानकारी देनी पड़ सकती है।
इन बातों का रखना होगा विशेष ध्यान
ऑनलाइन पासपोर्ट डिटेल अपडेट करने के बाद अब पुराने पासपोर्ट को वेरिफिकेशन के लिए साथ ढोने की जरूरत खत्म हो गई है, क्योंकि बदली हुई जानकारी ई-ओसीआई रिकॉर्ड में दिखाई देने लगेगी। नए आवेदकों को ओसीआई पोर्टल के जरिए सामान्य ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसमें दूतावास में मूल दस्तावेजों का सत्यापन भी शामिल हो सकता है। आवेदन मंजूर होने पर ईमेल या एसएमएस के जरिए सूचना भेज दी जाती है। इसके अलावा, ई-ओसीआई को 'इंडियन Visa Su-Swagatam' मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए भी देखा जा सकता है। दूतावास की सलाह है कि यात्रा के दौरान फोन में एक ऑफलाइन डिजिटल कॉपी जरूर रखें, हालांकि फिजिकल पासपोर्ट हमेशा अपने पास रखना अनिवार्य है। इसके अलावा सामान्य ओसीआई रजिस्ट्रेशन आजीवन वैध होता है, लेकिन विदेशी मूल के जीवनसाथी वाले ओसीआई मामलों में शुरुआती वैधता 5 साल की होती है।