बांग्लादेश: हिंदू भिक्षु चिन्मय कृष्ण दास का ढाका जेल ट्रांसफर, वकीलों ने जताई चिंता
हिंदू भिक्षु चिन्मय कृष्ण दास को चटगांव से ढाका जेल ट्रांसफर किए जाने पर वकीलों ने चिंता जताई है। स्वास्थ्य और भोजन को लेकर खतरा बताया।

ढाका (बांग्लादेश): बांग्लादेश के हिंदू भिक्षु चिन्मय कृष्ण दास को अचानक चटगांव सेंट्रल जेल से ढाका ट्रांसफर कर दिया गया है। इस फैसले के बाद उनके वकीलों ने गहरी चिंता व्यक्त की है।
चिन्मय के वकील अपूर्बा कुमार भट्टाचार्जी ने बताया कि उनके आध्यात्मिक नेता चिन्मय कृष्ण ब्रह्मचारी एक सख्त शाकाहारी और वैष्णव हैं, जो केवल अपने द्वारा बनाया गया भोजन ही ग्रहण करते हैं। चटगांव जेल में उनके साथ बंद एक अन्य सह-अभियुक्त रंगनाथन ब्रह्मचारी उनकी खाना बनाने में मदद कर रहे थे, जिससे पिछले करीब दो वर्षों से उन्हें सुविधा मिल रही थी।
वकील भट्टाचार्जी के मुताबिक, चिन्मय कृष्ण दास लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं और वह कोई भी साधारण भोजन नहीं खा सकते। ढाका सेंट्रल जेल में ऐसी सुविधा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण वह अब तक केवल फल खाकर गुजारा कर रहे हैं। वकील ने आशंका जताई है कि इससे उनकी जान को खतरा हो सकता है।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सनातनी जागरण जोत के प्रवक्ता चिन्मय दास को सोमवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच चटगांव से ढाका लाया गया। उन्हें सुबह करीब 10:00 बजे ढाका सेंट्रल जेल पहुंचाया गया।
यह मामला 26 नवंबर 2024 को चटगांव कोर्ट परिसर में दास की जमानत सुनवाई के दौरान हुई हिंसा से जुड़ा है। उस घटना में वकील सैफुल इस्लाम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में उनके पिता जमाल उद्दीन ने 31 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। इसके अलावा पुलिस पर हमले, सरकारी काम में बाधा डालने और कॉकटेल धमाकों से जुड़े पांच अन्य मामले भी दर्ज किए गए थे।
जांच अधिकारी ने 1 जुलाई 2025 को चटगांव कोर्ट में चिन्मय दास समेत 38 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। बाद में 25 अगस्त को कोर्ट ने सुकांत दत्ता सहित 39 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट स्वीकार कर ली। फिलहाल चटगांव डिविजनल स्पीडी ट्रायल ट्रिब्यूनल में इस मामले में गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
इससे पहले 31 अक्टूबर 2024 को राष्ट्रीय ध्वज का अपमान करने के आरोप में राजद्रोह कानून के तहत चिन्मय दास समेत 19 लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। यह केस चंद्रगांव पुलिस स्टेशन के अंतर्गत मोहरा वार्ड बीएनपी के तत्कालीन महासचिव फिरोज खान ने दर्ज कराया था। इसी मामले में 25 नवंबर 2024 को ढाका से चिन्मय दास की गिरफ्तारी हुई थी।