Etihad Rail का बड़ा ऐलान, दुबई अल यलायिस स्टेशन इस तारीख को होगा शुरू, अबू धाबी जाना होगा आसान.

संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE में रहने वाले लोगों के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। एतिहाद रेल ने आधिकारिक तौर पर यह घोषणा कर दी है कि नया दुबई अल यलायिस स्टेशन आने वाली 30 सितंबर 2026 को जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस नए रेलवे स्टेशन के शुरू होने से देश के नेशनल पैसेंजर रेल नेटवर्क का दायरा बहुत ज्यादा बढ़ जाएगा और रोजाना सफर करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
कहाँ बना है यह नया स्टेशन और किसे मिलेगा फायदा
यह नया रेलवे स्टेशन दक्षिणी दुबई में जुमेरा गोल्फ एस्टेट्स के पास E311 शेख मोहम्मद बिन जायद रोड पर स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक यह स्टेशन कई बड़े रिहायशी और कमर्शियल इलाकों को जोड़ेगा। इसमें अल फुरजान, दुबई इन्वेस्टमेंट पार्क, ग्रीन कम्युनिटी, दुबई प्रोडक्शन सिटी, एक्सपो सिटी दुबई और दुबई साउथ जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं। जो लोग इन जगहों पर रहते हैं या काम करते हैं, वे अब आसानी से ट्रेन पकड़ सकेंगे।
खास बात यह है कि इस सुविधा को शहर के बाकी परिवहन तंत्र से जोड़ने के लिए एक पैदल यात्री पुल यानी फुटब्रिज बनाया गया है। इसके जरिए यात्री सीधे दुबई मेट्रो रेड लाइन के जुमेरा गोल्फ एस्टेट्स स्टेशन पर आ-जा सकेंगे। इसके अलावा, योजना बनाने वालों ने यह भी बताया है कि आने वाले समय में साल 2032 तक इसे भविष्य के दुबई मेट्रो गोल्ड लाइन से भी जोड़ा जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी और ज्यादा बेहतर हो जाएगी.
कितना लगेगा समय और क्या है आगे की योजना
इस रेल सेवा के शुरू होने के बाद दुबई और अबू धाबी के बीच का सफर केवल 57 मिनट में पूरा हो जाएगा। वर्तमान में इस नेटवर्क पर चलने वाली पैसेंजर ट्रेनें अधिकतम 200 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलने के लिए डिजाइन की गई हैं। हालांकि, अधिकारियों की नजरें साल 2030 के लिए एक नई हाई-स्पीड लाइन पर भी टिकी हैं, जिससे दोनों अमीरातों के बीच यात्रा का समय घटकर लगभग 30 मिनट रह जाएगा।
आपको बता दें कि इससे पहले 30 जून को अबू धाबी और फुजैरह के बीच यात्री सेवाओं की शुरुआत हुई थी, इस रूट पर अब तक 70,000 से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं। एतिहाद रेल की योजना आने वाले समय में UAE के कुल 11 शहरों और क्षेत्रों को आपस में जोड़ने की है। फिलहाल दुबई रूट के लिए टिकट की कीमतों का ऐलान 30 सितंबर को खुलने की तारीख के पास ही किया जाएगा।