सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्रियों की मदद के लिए राज्यसभा सांसद मंसूर अली खान ने केंद्र सरकार को लिखा पत्र
राज्यसभा सांसद मंसूर अली खान ने केंद्र सरकार से सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्रियों को जल्द वापस लाने और मदद देने की अपील की है।

नई दिल्ली: कर्नाटक के राज्यसभा सांसद मंसूर अली खान ने सऊदी अरब में फंसे भारतीय उमराह यात्रियों की मदद के लिए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू को अलग-अलग पत्र लिखकर इन यात्रियों के लिए तत्काल कल्याणकारी उपाय करने को कहा है।
सांसद ने बताया कि हालिया हवाई हमलों के बाद उड़ानों में आए व्यवधान की वजह से बड़ी संख्या में यात्री वहां फंसे हुए हैं। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं, जिनमें से कई को तत्काल चिकित्सा देखभाल की जरूरत है। उन्होंने विदेश मंत्री को लिखे पत्र में एयरपोर्ट बंद होने और एयरलाइंस की सीमित सेवाओं के कारण यात्रियों को हो रही मुश्किलों का जिक्र किया।
मंसूर अली खान ने निजी टूर ऑपरेटरों की स्थिति पर भी चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कई ऑपरेटर अपने संसाधन खत्म कर चुके हैं और गहरे संकट में हैं, जिससे यात्रियों के साथ उनका संपर्क टूट गया है। इस वजह से यात्रियों को वीजा ओवरस्टे और कानूनी जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है।
उन्होंने विदेश मंत्री से अनुरोध किया कि रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास को फंसे हुए यात्रियों और ऑपरेटरों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने सुरक्षित आवास, भोजन, चिकित्सा सहायता और कानूनी मदद सुनिश्चित करने के साथ-साथ मानवीय आधार पर जल्द वापसी की सुविधा देने और दोषी टूर ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किरेन रिजिजू को लिखे पत्र में सांसद ने अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के बीच समन्वय बनाने को कहा है। उन्होंने मांग की कि डिफॉल्टर निजी ऑपरेटरों की शिकायतों पर सख्त संज्ञान लिया जाए और उनकी कानूनी जिम्मेदारियों को लागू किया जाए। साथ ही, उन्होंने राज्य हज समितियों को प्रभावित परिवारों की मदद के लिए एडवाइजरी जारी करने और कल्याण कोष से आपातकालीन वित्तीय सहायता देने पर विचार करने को कहा।
जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने बताया कि उड़ानों में व्यवधान से प्रभावित भारतीय नागरिकों और उमराह यात्रियों की सहायता के लिए मक्का में एक अतिरिक्त कंट्रोल रूम बनाया गया है। यह परिवहन संकट खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और यमन स्थित हूती विद्रोहियों द्वारा सऊदी अरब के नागरिक बुनियादी ढांचे पर किए गए ड्रोन और मिसाइल हमलों के कारण पैदा हुआ है।