PM Modi ने फिलीपीन में शुरू किया गुरुद्वारे का काम, क्रिश्चन देश में लहरेगा भगवा
पीएम मोदी ने मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे के पुनर्विकास की आधारशिला रखी। क्रिश्चियन देश में अब आधुनिक गुरुद्वारा बनेगा।

मनीला (फिलीपीन): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपीन की राजधानी मनीला में ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे के आधुनिकीकरण और पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखी है। एक क्रिश्चियन बहुल देश में इस कदम के साथ अब वहां भगवा लहराएगा और सिख समुदाय को एक आधुनिक पूजा स्थल मिलेगा। यह गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक पुराना है और फिलीपीन के सिख समुदाय के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है।
विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, खालसा दीवान गुरुद्वारे की स्थापना 1901 में हुई थी और इसे 1903 में औपचारिक ढांचा दिया गया। साल 1924 में इसे आधिकारिक तौर पर 'खालसा दीवान' के रूप में पंजीकृत किया गया था। यह फिलीपीन का सबसे पुराना गुरुद्वारा है, जो मनीला में सिख और अन्य समुदायों के लिए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और परोपकारी गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है।
इस अवसर पर फिलीपीन के सीनेटर फ्रांसिस जोसेफ एस्कुडेरो और मनीला शहर के मेयर फ्रांसिस्को इस्को मोरेनो भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय भारतीय प्रवासियों और सिख समुदाय के लोगों से बातचीत की।
पुनर्विकास परियोजना के तहत मौजूदा ढांचे की जगह एक आधुनिक पांच मंजिला कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। खालसा दीवान गुरुद्वारा समिति के अनुसार, इस कॉम्प्लेक्स का कुल क्षेत्रफल लगभग 10,000 वर्ग मीटर होगा, जिसमें एक रूफटॉप डेक भी शामिल होगा।
नये भवन की योजना के मुताबिक, पहली और दूसरी मंजिल पार्किंग के लिए होगी। तीसरी मंजिल पर सामुदायिक और फंक्शन हॉल बनाया जाएगा, जबकि चौथी मंजिल पर लंगर हॉल होगा। पांचवीं मंजिल को मुख्य गुरुद्वारे के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा, जहां धार्मिक पूजा-अर्चना होगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 305 मिलियन फिलीपीन पेसो (लगभग 5 मिलियन अमेरिकी डॉलर) है। इसका खर्च मुख्य रूप से सिख और भारतीय समुदायों के योगदान से उठाया जाएगा। केडीजी समिति के प्रमुख मंजिंदर जेम्स कुमार से इसमें बड़ा वित्तीय सहयोग मिलने की उम्मीद है।
परियोजना की निगरानी के लिए सिख और सिंधी समुदायों के प्रतिनिधियों वाली 15-20 सदस्यों की एक समिति बनाई जाएगी। इस निर्माण कार्य को दो साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
समिति ने मनीला के पर्यटन, संस्कृति और कला विभाग, राष्ट्रीय संस्कृति और कला आयोग और फिलीपीन के राष्ट्रीय ऐतिहासिक आयोग से जरूरी मंजूरियां ले ली हैं। बाकी कानूनी औपचारिकताओं के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ काम जारी है।
प्रधानमंत्री मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपीन के दौरे पर हैं, जहां वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 'सीता: द रामायना रिविजिटेड' नाटक भी देखा, जो भारत और फिलीपीन के साझा सांस्कृतिक संबंधों को दर्शाता है।
मनीला में हो रहे 49वें आसियान शिखर सम्मेलन के बीच पीएम मोदी की यह पहल क्रिश्चियन देश में भारतीय संस्कृति और आस्था के विस्तार का प्रतीक है, जहां अब एक भव्य गुरुद्वारे के रूप में भगवा लहरेगा।