Saudi Weather Alert: सऊदी अरब के कई इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट.

सऊदी अरब में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है और मौसम विभाग ने कई इलाकों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है। National Center for Meteorology (NCM) ने रविवार को मक्का, जाजान, असीर और अल-बाहा क्षेत्रों में भारी बारिश और आंधी-तूफान को लेकर red alerts जारी किया है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि इन इलाकों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड्स आने का बड़ा खतरा बना हुआ है, इसलिए लोगों को बेहद सतर्क रहने की जरूरत है।
किन इलाकों में क्या रहेगा मौसम का हाल
मौसम विभाग के मुताबिक, जाजान के कुछ हिस्सों जैसे जाजान और अल-दार्ब में मध्यम बारिश की संभावना के चलते orange alerts घोषित किए गए हैं। इसके अलावा मक्का क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज धूल भरी आंधी यानी डस्ट स्टॉर्म चलने की भी पूरी आशंका है। पूर्वी क्षेत्र और मक्का के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के लिए yellow alerts भी जारी किए गए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि जाजान, असीर, अल-बाहा और मक्का के पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होगी, जिसके साथ ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
प्रवासी और आम लोग रखें इन बातों का ध्यान
सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय प्रवासियों और स्थानीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। तबुक, मदीना और मक्का के तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने से धूल और रेत उड़ेगी, जिससे वाहन चालकों को सड़क पर देखने में परेशानी हो सकती है। पूर्वी प्रांत के तटीय हिस्सों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद है, जबकि दक्षिणी इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।
तापमान की स्थिति
रविवार को देश के अलग-अलग शहरों में तापमान में काफी अंतर देखने को मिला। मदीना में सबसे ज्यादा तापमान 44°C दर्ज किया गया, इसके बाद बुरैदाह में 42°C, मक्का में 41°C, और रियाद, दम्माम, हैल तथा अरार में तापमान 40°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं दूसरी तरफ पहाड़ी और ठंडे इलाकों में तापमान काफी कम रहा, जैसे आभा में तापमान गिरकर 19°C और अल-बाहा में 28°C तक दर्ज किया गया। सफर करने वाले लोगों और खुले में काम करने वाले प्रवासियों को सलाह दी जाती है कि वे स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।