UAE में स्टारलिंक को मिला 10 साल का लाइसेंस, 300 रुपये महीने में मिलेगा हाई-स्पीड इंटरनेट.

यूएई के दूरसंचार और डिजिटल सरकार नियामक प्राधिकरण यानी TDRA ने एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के स्टारलिंक को एक बड़ा लाइसेंस दे दिया है। इस मंजूरी के बाद अब यूएई में स्टारलिंक सैटेलाइट कम्युनिकेशंस एलएलसी को 10-साल का जनरल सैटेलाइट सर्विसेज लाइसेंस मिल गया है। इस लाइसेंस के मिलने से कंपनी देश भर में अपनी पब्लिक सैटेलाइट टेलीकॉम सर्विस शुरू कर सकेगी। यूएई में रहने वाले आम लोग, व्यापारी, सरकारी दफ्तर, समुद्री जहाज और विमानन क्षेत्र के लोग अब इस आधुनिक इंटरनेट सेवा का फायदा उठा सकेंगे। इस कदम से उन इलाकों के लोगों को बहुत राहत मिलेगी जहां पारंपरिक नेटवर्क या फाइबर कनेक्शन आसानी से नहीं पहुंच पाता है।
दुबई और अबू धाबी में बुकिंग शुरू
तारीख 30 अगस्त 2026 से दुबई और अबू धाबी जैसे बड़े शहरों में स्टारलिंक ने अपनी वेबसाइट के जरिए आर्डर लेना शुरू कर दिया है। रेजिडेंशियल यानी घरेलू योजना की शुरुआती कीमत 300 AED प्रति महीना रखी गई है। इस मासिक प्लान में ग्राहकों को अनलिमिटेड डेटा मिलता है और साथ ही 30 दिन का ट्रायल भी दिया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि इसमें इंटरनेट की स्पीड 400 Mbps से ज्यादा मिल सकती है। हालांकि, इंटरनेट की यह रफ्तार नेटवर्क की भीड़भाड़, आसमान साफ होने और स्थानीय क्षमता पर निर्भर करती है। इसके अलावा जो लोग नया कनेक्शन लेना चाहते हैं उन्हें शुरुआत में हार्डवेयर किट खरीदनी होगी।
हार्डवेयर किट और इंस्टॉलेशन का खर्च
स्टारलिंक की इस मानक हार्डवेयर किट में एक सैटेलाइट डिश और एक राउटर 3 मिलता है। इस पूरी किट की कीमत लगभग 1,465 AED तय की गई है। कनेक्शन चालू होगा या नहीं यह यूजर के सर्विस एड्रेस पर निर्भर करता है। कुछ जगहों पर सीधा आर्डर हो रहा है तो कुछ सीमित क्षमता वाले इलाकों में लोगों को प्री-आर्डर करना पड़ रहा है या वेटिंग लिस्ट में नाम डालना पड़ रहा है। जिन लोगों का नाम वेटिंग लिस्ट में आता है उन्हें लगभग 285.71 AED का डिपॉजिट जमा करना पड़ता है, जिसे बाद में किट के कुल पैसों में जोड़ लिया जाता है। यूएई में सेवा शुरू करने की कोई एक निश्चित देशव्यापी तारीख तय नहीं की गई है, बल्कि यह सब इलाके के हिसाब से तय होता है।
दूरदराज के इलाकों और कामगारों के लिए बड़ा फायदा
यह इंटरनेट सेवा उन जगहों पर रहने वाले लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है जहां मोबाइल नेटवर्क या फाइबर केवल की पहुंच बहुत कम है। रेगिस्तान के कैंपों, फार्महाउस, निर्माण स्थलों और समुद्र में चल रहे कामकाज के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है। इस इंटरनेट को चलाने के लिए आसमान का साफ दिखना बहुत जरूरी होता है। लोग खुद ही स्टारलिंक ऐप की मदद से फोन से देखकर यह जांच लेते हैं कि कहीं कोई रुकावट तो नहीं है। जो लोग ऊंची इमारतों या फ्लैट्स में रहते हैं उन्हें सलाह दी जाती है कि वे छत पर डिश लगाने से पहले बिल्डिंग के नियमों की जानकारी जरूर ले लें।
समुद्री और विमानन क्षेत्र को मिलेगी मजबूती
इस लाइसेंस के दायरे में समुद्री जहाज और हवाई जहाज भी आते हैं जिससे समंदर और आसमान में सफर करने वालों का संपर्क हमेशा बना रहेगा। यूएई में काम करने वाले प्रवासी भारतीय, इंजीनियर और समुद्री जहाजों पर काम करने वाले नाविकों के लिए यह खबर बहुत काम की है। दूर-दराज के इलाकों में काम करते समय अब उन्हें संपर्क बनाए रखने में कोई दिक्कत नहीं आएगी। इस बारे में अधिक जानकारी के लिए आप TDRA की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।