होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ओमान के तट से दूर एक कमर्शियल टैंकर पर अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ जिससे जहाज पर आग लग गई
ओमान के पास एक कमर्शियल टैंकर पर अज्ञात मिसाइल से हमला हुआ। जहाज पर आग लग गई लेकिन चालक दल सुरक्षित है।

ओमान: रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के पास बुधवार को एक कमर्शियल टैंकर पर अज्ञात प्रोजेक्टाइल (मिसाइल या गोला) से हमला हुआ। यह घटना बुखा, ओमान से करीब 11 समुद्री मील पश्चिम में हुई, जिसके बाद जहाज पर आग लग गई।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने इस घटना की जानकारी दी है। यूकेएमटीओ के मुताबिक, हमले के बाद जहाज पर आग लग गई थी, लेकिन क्रू मेंबर्स ने मुस्तैदी दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।
राहत की बात यह है कि इस हमले में जहाज पर सवार सभी चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं। फिलहाल यह जहाज स्थिर है और लंगर डाले हुए खड़ा है। अधिकारियों ने बताया है कि इस हमले से पर्यावरण को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
हमले में इस्तेमाल किए गए प्रोजेक्टाइल की प्रकृति और हमले के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इस बीच यूकेएमटीओ ने इलाके से गुजरने वाले सभी जहाजों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें जहाजों को अधिक सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने को कहा गया है।
क्षेत्र में समुद्री तनाव लगातार बढ़ रहा है और पिछले कुछ हफ्तों में कमर्शियल जहाजों के साथ ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। इसी बीच इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नेवी ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों के संचालन और समुद्री सुरक्षा को लेकर चेतावनी जारी की है।