नेपाल में भारी बारिश का कहर, त्रिशूली नदी में बाढ़ और भूस्खलन से पृथ्वी राजमार्ग पूरी तरह ठप.

नेपाल के धादिंग जिले में मौसम ने एक बार फिर विकराल रूप ले लिया है, जहां लगातार बारिश के बाद त्रिशूली नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रहे कटाव के कारण कृष्णभीर इलाके में भीषण भूस्खलन हुआ है, जिसकी वजह से देश को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पृथ्वी राजमार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। इस घटना के बाद से नेपाल की राजधानी काठमांडू का संपर्क कई प्रमुख हिस्सों से कट गया है और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप
काठमांडू ट्रैफिक कार्यालय से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, त्रिशूली नदी के पानी का तेज बहाव लगातार सड़क की दीवारों से टकरा रहा था, जिससे धीरे-धीरे मिट्टी का कटाव बढ़ता गया। पानी के भारी दबाव के कारण सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। हालात इतने गंभीर हैं कि सड़क बीचों-बीच तक टूट चुकी है, जिससे वाहनों के साथ-साथ आम लोगों का पैदल चलना भी खतरे से खाली नहीं बचा है।
प्रशासन ने लगाई पैदल चलने पर भी रोक
जिला पुलिस कार्यालय धादिंग के डीएसपी प्रकाश दाहाल ने बताया कि सड़क धंसने का सिलसिला अभी भी थमा नहीं है और स्थिति लगातार खतरनाक बनी हुई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस रास्ते पर हर तरह की आवाजाही बंद कर दी है। यहां तक कि आम लोगों के पैदल गुजरने पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
यातायात नियंत्रण के लिए काठमांडू ट्रैफिक कार्यालय के प्रवक्ता नरेशराज सुवेदी ने जानकारी दी है कि पृथ्वी राजमार्ग के पूरी तरह बंद होने के कारण इस रूट पर चलने वाले सभी वाहनों को फिलहाल काठमांडू में ही रोक दिया गया है। संबंधित विभाग के अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और मौसम सामान्य होने तथा पानी का स्तर घटने के बाद ही सड़क की मरम्मत का काम शुरू किए जाने की उम्मीद है।